'मां-बेटी संवाद' : पीयू में छात्राओं एवं माताओं को विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य परामर्श

WhatsApp Channel Join Now
'मां-बेटी संवाद' : पीयू में छात्राओं एवं माताओं को विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य परामर्श


'मां-बेटी संवाद' : पीयू में छात्राओं एवं माताओं को विशेषज्ञों ने दिए स्वास्थ्य परामर्श


जौनपुर,25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय के विद्युत अभियंत्रण विभाग में शनिवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में‘माँ-बेटी कार्यक्रम’का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं उनकी माताओं को महिला स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान एवं रोकथाम के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत 21 जुलाई को 91 छात्राओं का रक्त परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता पाण्डेय एवं जनरल फिजिशियन डॉ. पूजा पाठक ने विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें महिला शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, प्रारंभिक पहचान एवं समय पर उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली तथा जागरूकता को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य परीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर छात्राओं को व्यक्तिगत परामर्श भी प्रदान किया तथा मातृ स्वास्थ्य और किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं उनकी माताओं ने महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के तकनीकी समन्वय का दायित्व डॉ. सत्यम उपाध्याय ने निभाया, जबकि संचालन विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश भास्कर ने किया। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच, सही परामर्श और जागरूकता के माध्यम से अनेक गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। विश्वविद्यालय छात्राओं के समग्र विकास एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।

इस अवसर पर आयोजन समिति की सदस्य डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. प्रियंका, डॉ. राधिका उरमालिया, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. कृष्णा सिंह एवं डॉ. साक्षी सिंह सहित अन्य शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की छात्राएँ एवं उनकी माताएँ गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन भी जुड़ीं और विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परामर्श का लाभ प्राप्त किया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story