मुरादाबाद : शिवालिक योजना में गांगन नदी पर बनेंगे दो पुल

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : शिवालिक योजना में गांगन नदी पर बनेंगे दो पुल


मुरादाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में दिल्ली रोड से प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को गांगन तिराहे और पुराने एनएच-24 पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की नया मुरादाबाद में शिवालिक योजना में गांगन नदी पर करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से दो पुल बनाए जाने की तैयारी है।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने साेमवार काे बताया कि शासन ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभागीय कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। हालांकि, अभी औपचारिक स्वीकृति और वित्तीय पोषण की प्रक्रिया बाकी है। यह पुल दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट से ईको हर्बल पार्क होते हुए शिवालिक योजना के मध्य से रिंग रोड को जोड़ने वाले 60 मीटर चौड़े महायोजना मार्ग पर बनाए जाएंगे। प्रस्ताव के अनुसार, दोनों पुलों की लंबाई 179.040 मीटर होगी। फुटपाथ सहित प्रत्येक पुल के कैरिजवे की चौड़ाई नौ मीटर प्रस्तावित है। फिलहाल दिल्ली रोड से शहर आने वाला यातायात मझोला होते हुए पुराने एनएच-24 पर गांगन नदी का पुल पार करता है।

वहीं, गांगन तिराहे पर लाकड़ी की ओर से जीरो प्वाइंट से आने वाले औद्योगिक वाहनों का दबाव भी रहता है। इससे अक्सर जाम लगता है। नया पुल बनने से पुराने मार्ग पर वाहनों का दबाव घटने और कांठ रोड, तहसील सदर तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलने की उम्मीद है।

इससे दिल्ली रोड की निजी टाउनशिप और प्राधिकरण की योजनाओं में रहने वालों को कांठ रोड, रामपुर और बरेली की ओर जाने के लिए रिंग रोड तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। कांवड़ यात्रा के दौरान भी यातायात संचालन में मदद मिल सकती है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि परियोजना की रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट दोबारा भेजकर औपचारिक मंजूरी और बजट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story