राम कथा भक्त को भगवान से जोड़ने की कथा : शिवकुमार शास्त्री महाराज
-हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के तत्वावधान में आयोजित श्री राम कथा महोत्सव का नवें दिन विश्राम
मुरादाबाद, 2 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को बुद्धि विहार स्थित व्हाइट हाउस में नवदिवसीय श्री राम कथा महोत्सव के नौ दिनों से चल रही श्रीराम कथा का समापन आज को प्रभु श्री राम के राज्याभिषेक के मंगल प्रसंग, हवन यज्ञ और विशाल भंडारे के साथ हुआ। वृंदावन से पधारे प्रख्यात संत कथा वाचक शिवकुमार शास्त्री महाराज ने भक्तों को श्रीराम कथा के नौवें दिन के प्रसंग, यानी प्रभु श्री राम के राज्याभिषेक का संजीवनी वर्णन किया।
उन्होंने बताया कि राम कथा भक्त को भगवान से जोड़ने की कथा है और हमें यह संदेश देती है कि कैसे भी संकट में हमें घबराना नहीं चाहिए और सत्य से विमुख नहीं होना चाहिए।
शिवकुमार शास्त्री महाराज ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम माता सीता भैया लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ 14 वर्ष का वनवास पूर्ण करने के बाद जब लंका से वापस आए थे, तब कार्तिक अमावस्या को उनका राजतिलक किया गया था और अयोध्या वासियों ने दीपावली मनाई।
कथावाचक ने कहा कि रामकथा में राम के राजतिलक का प्रसंग रामायण के उत्तरकांड का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह प्रसंग वनवास के पश्चात्, लंका विजय को संपन्न कर भगवान राम के अयोध्या लौटने और राजा बनने की घटना को दर्शाता है। उनके राज्याभिषेक से न केवल अयोध्या में, बल्कि तीनों लोकों में सुख-शांति का प्रसार हुआ, सभी प्रकार के शोक दूर हुए और राम राज की स्थापना हुई। यह एक ऐसे आदर्श राज्य का प्रतीक है जहाँ कोई वैर-विरोध नहीं होता और प्रजा सुख-समृद्धि से रहती है।
कथावाचक ने कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान जहां दीन-दुखियों व वनवासियों के कष्ट दूर किए, वहीं उन्हें संगठित कर समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म किया। भगवान राम ने रावण का वध कर सत्य व धर्म की स्थापना कर संदेश दिया कि बुराई, असत्य व अधर्म अधिक समय तक नहीं रहता है। अंततः अधर्म पर धर्म की ही जीत होती है।
पूजन पंडित राजीव शुक्ला ने विधि विधान से सम्पन्न कराया। मुख्य यजमान हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र देव शर्मा व धर्मपत्नी मनुस्मृति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हरे कृष्ण सेवा न्यास समिति के सचिव श्यामसुंदर गौड़, संयोजक प्रदीप शुक्ला, मीडिया प्रभारी निमित जायसवाल, ओमेंद्र सिंह, सुशील शर्मा, रामरतन शर्मा, प्रदीप शर्मा, राजेश खंडेलवाल, रजत शर्मा, आरके गंगवार, विपिन कुमार मित्तल, भारती भटनागर, मंजू शर्मा, अंजू गौड़, सुमन बिश्नोई, राधिका शर्मा, रेखा शुक्ला, अनीता शर्मा आदि उपस्थित रहे।
आरती के बाद महाप्रसाद वितरित हुआ। नि:शुल्क चरण पादुका सेवा कल्याणी दरबार द्वारा की गई। कल्याणी दरबार के पंकज माथुर, संजय सिंह, टोनी सभरवाल, अनूप सोती, विनीश माथुर, हनी, मोहित, आशीष सिंह ने चरण पादुका में सेवा की।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

