मुरादाबाद में सुबह से शाम तक हुई बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, शहर हुआ पानी-पानी

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में सुबह से शाम तक हुई बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, शहर हुआ पानी-पानी


-मानसून की बढ़ती सक्रियता से मुरादाबाद मंडल में 22 जुलाई तक बारिश की संभावना

मुरादाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में सोमवार को सुबह से शाम तक बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार सुबह 7 बजे से शुरु हुई तेज बारिश रुक रुक कर शाम 7 बजे तक होती रही। दिनभर बादल छाए रहने की वजह से जहां गर्मी और उमस की परेशानी दूर हो गई वहीं इस बारिश से शहर जलमग्न हो गया। एमडीए और आवास विकास की कॉलोनियों के साथ शहर के कई गली-मोहल्ले में दिन भर पानी भरा रहा, जिससे आवागमन में लोगों व वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हुई।

राजकीय इंटर कॉलेज में मौसम प्रयोगशाला प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वातावरण में सुबह नमी 94 फीसदी थी, जो शाम को 96 फीसदी पहुंच गई। हवा की गति पूरब से पश्चिम दिशा में पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही।

मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह का कहना है कि मानसून की बढ़ती सक्रियता की वजह से 22 जुलाई तक मुरादाबाद और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसी के दृष्टिगत मंगलवार और बुधवार को कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story