मुरादाबाद में आंधी ने मचाई भारी तबाही, 100 से अधिक पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ठप
मुरादाबाद, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में बुधवार देर रात्रि तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। जिले में 100 से अधिक पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई। विद्युत विभाग की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार दोपहर 2 बजे जिले में सूचारू रूप से चालू हुई। लगभग 12 घंटे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को बिजली नहीं मिली। वहीं कई इलाकों में आवागमन बाधित रहा और मकानों व वाहनों को नुकसान पहुंचा। बिजली विभाग द्वारा सुबह तडके से ही मरम्मत कार्य शुरू हो गया था।
पिछले सप्ताह से शुरु हुई बारिश के बाद जिले के तापमान में उतार-चढ़ाव लगा हुआ है। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ एके सिंह ने बताया कि गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम पारा 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। इसके मुकाबले बुधवार को अधिकतम पारा 39 और न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। इस तरह बीते 24 घंटे में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

