मुरादाबाद नगर निगम को 50 करोड़ रुपये के प्रस्तावित नगर निगम बॉन्ड के लिए बड़ी सफलता मिली : महापौर
-यह रेटिंग अभी अस्थायी है, अंतिम रेटिंग जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद ही मिलेगी : महापौर
मुरादाबाद, 09 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम मुरादाबाद को 50 करोड़ रुपये के प्रस्तावित नगर निगम बॉन्ड के लिए बड़ी सफलता मिली है। केयर एज रेटिंग्स ने बॉन्ड को प्रोविजनल केयर डबल ए रेटिंग दी है। इसका मतलब है कि नगर निगम की आर्थिक स्थिति फिलहाल अच्छी मानी गई है और उसमें समय पर भुगतान करने की क्षमता दिखाई देती है। वहीं महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि हालांकि यह रेटिंग अभी अस्थायी है। अंतिम रेटिंग जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद ही मिलेगी।
रिपोर्ट के अनुसार पिछले चार वर्षों में नगर निगम की आय लगातार बढ़ी है। वर्ष 2021-22 में निगम की आय 215.9 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर वर्ष 2025-26 में 383.3 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान संपत्ति कर और अन्य शुल्कों से होने वाली आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। नगर निगम पर फिलहाल कोई पुराना कर्ज भी नहीं है, जिससे उसकी वित्तीय स्थिति मजबूत मानी गई है।
रेटिंग देने वाली संस्था ने यह भी माना है कि शहर में सफाई, पेयजल, सीवर और जल निकासी जैसी नगर सेवाओं का काम संतोषजनक है। वहीं यह भी कहा गया है कि नगर निगम की अपनी आय अभी सीमित है और उसे राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर काफी हद तक निर्भर रहना पड़ता है।
रिपोर्ट के अनुसार बॉन्ड से जुटाई जाने वाली राशि के भुगतान को सुरक्षित रखने के लिए संपत्ति कर और उपयोग शुल्क की रकम एक अलग खाते में जमा की जाएगी। इसी व्यवस्था के आधार पर नगर निगम को यह अच्छी रेटिंग मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

