मुरादाबाद में लगातार तीसरे दिन भी जमकर बरस रहे मेघ, जन — जीवन प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में लगातार तीसरे दिन भी जमकर बरस रहे मेघ, जन — जीवन प्रभावित


- सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रुक रुक कर तेज बारिश जारी

मुरादाबाद, 06 सितम्बर (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में सावन के प्रारंभ से शुरू हुई बारिश भाद्रपद की दशमी तिथि तक जारी है। पूर्व दिशा से जबरदस्त नमी भरी हवा चलने के साथ पहले आसमान पर घने बादल छाए रहने और फिर रुक रुककर हो रही बारिश से मौसम का मिजाज एकाएक रविवार को भी बदल गया। मुरादाबाद में शुक्रवार और शनिवार को भी दिन भर बारिश हुई थी। आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रुक रुक कर तेज बारिश जारी है। बारिश के दौरान रविवार सुबह से दोपहर तक शहर की बिजली व्यवस्था बहुत अधिक प्रभावित हो गई।

मुरादाबाद जनपद में लगातार हो रही बारिश से मुरादाबाद और आसपास के जनपदों के मौसम में काफी परिवर्तन आ गया है। रविवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज सुबह से आसमान पर छाए गरजदार बादलों ने सुबह से दोपहर तक कई बार तेज बौछार बरसाई जिससे मौसम काफी खुशगवार हो गया। मौसम विभाग ने मुरादाबाद में चार दिन भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया था। लगातार तीसरे दिन बारिश जारी है। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को आसमान पर काफी घने बादल छाए रहेंगे और लगातार बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। एक या दो बार बहुत ज्यादा तेज बारिश होने की भी संभावना है।

मौसम विशेषण के प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि बीते एक माह से अधिक से मुरादाबाद जनपद में बारिश जारी हैं। इस बार शीत ऋतु का आगमन दीपावली के तुरंत बाद हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story