जनहित से जुड़ी हैं सभी समितियां, त्वरित न्याय दें : कुंवर मानवेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
जनहित से जुड़ी हैं सभी समितियां, त्वरित न्याय दें : कुंवर मानवेंद्र सिंह


लखनऊ, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुँवर मानवेन्द्र सिंह ने सोमवार को विधान भवन स्थित सभापति कक्ष में वर्ष 2026-27 हेतु पुनर्गठित तीन स्थायी समितियों की प्रथम बैठक को सम्बोधित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि समिति जनहित की महत्वपूर्ण समिति है जो दलित, उत्पीड़ित, शोषित व कमजोर वर्ग की समस्याओं पर विचार करती है। जिन लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है उन्हें इस समिति के माध्यम से न्याय मिलेगा। देर से मिले न्याय का महत्व कम हो जाता है, इसलिए त्वरित निस्तारण करें।

संसदीय अध्ययन समिति को संबोधित करते हुए सभापति ने कहा यह अत्यन्त महत्वपूर्ण समिति है जो अनेक प्रासंगिक एवं महत्वपूर्ण संसदीय तथा संवैधानिक विषयों का अध्ययन करके प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करती है, जिससे संसदीय व जनतंत्रीय प्रणाली लाभान्वित होती है तथा शोधार्थी लाभ उठाते हैं।

प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जाँच समिति विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा प्रदेश में ग्रामीण, नगरीय तथा औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत उत्पादन वितरण सम्बन्धी समस्याओं के निराकरण हेतु इस समिति का गठन हुआ है। यह समिति बहुत ही महत्वपूर्ण है और सीधे आम जनता से जुड़ी हुई है। समिति सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को आमंत्रित कर उनका साक्ष्य लेकर जनसामान्य के प्रकरणों का निस्तारण करती है। समिति ऊर्जा विभाग से सम्बन्धित कोई भी सुझाव प्रतिवेदन के माध्यम से सदन में प्रस्तुत करती है। इस समिति के सभी माननीय सदस्य योग्य एवं अनुभवी हैं। आप सभी एक साथ जनहित से जुड़ी ऊर्जा जैसी प्रमुख गम्भीर समस्याओं के निराकरण हेतु अपने सक्रिय प्रयास करने में सफल हों, यही शुभ कामना है। बैठकों में सभी समितियों के सभापति, सभी सदस्य, प्रमुख सचिव डॉ० राजेश सिंह एवं विधान परिषद के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story