वाराणसी : शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाकर धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाकर धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता


—मतगणना पर्यवेक्षक को हटाने की मांग कर नारेबाजी, पुलिस से नोकझोंक; सपा कार्यकर्ताओं पर अभद्रता का आरोप

वाराणसी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड शिक्षक व स्नातक निर्वाचन की मतगणना के दौरान बुधवार को माहौल उस समय गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मतगणना पर्यवेक्षक प्रांजल यादव को हटाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई।

प्रदर्शन में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह और पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि भी शामिल हुए। नारेबाजी के बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग गिरा दी और मतगणना स्थल के 100 मीटर के प्रतिबंधित दायरे में प्रवेश करने का प्रयास किया। मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।

धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतगणना स्थल पर कुछ सरकारी कर्मी उनके पक्ष में मिले मत को अमान्य (रद) घोषित कर दे रहे हैं। इस दौरान पार्टी के एजेंट भी मौके पर नहीं थे। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता भाजपा समर्थकों के साथ अभद्रता कर रहे हैं। उनका आरोप था कि मौके पर तैनात प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतगणना पर्यवेक्षक को हटाने की मांग करते हुए विरोध जारी रखा। मतगणना के बीच हुए इस घटनाक्रम से स्थल के बाहर कुछ देर तक गहमागहमी बनी रही। उधर भाजपा के इस प्रदर्शन पर सपा के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को प्रभावित करना चाहती है।

मतगणना में सपा प्रत्याशी आगे

वहीं, मतगणना के रुझानों में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा करीब सात हजार मतों से आगे चल रहे हैं। दूसरी ओर, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव दूसरी बार चुनाव जीत चुके हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story