औरैया : मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक


-मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

औरैया, 13 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर औरैया पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत मंगलवार काे जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न थानों में गठित महिला सुरक्षा दल और महिला बीट पुलिसकर्मियों ने गांवों, पंचायत भवनों, प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और मंदिरों सहित सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, उनके अधिकारों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा महिला पुलिसकर्मियों को देने की अपील की।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 प्रमुख हैं।

इसके अलावा पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। साइबर अपराधों से बचाव, महिला संबंधी अपराधों की पहचान और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति 6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story