गंगा में मिला लापता इंजीनियर का शव, परिजनों ने की शिनाख्त

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में मिला लापता इंजीनियर का शव, परिजनों ने की शिनाख्त


मीरजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। प्रयागराज के लापता इंजीनियर का शव उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के पिपराडाड़ गांव के पास गंगा में उतराता हुआ मिला। इस खबर के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सोमवार को जमुनहिया स्थित पिपराडाड़ गांव के पास गंगा किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर लोढ़ी डीह गांव निवासी अशोक तिवारी ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान अपने 34 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश तिवारी के रूप में की।

परिजन के अनुसार जयप्रकाश गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह 26 मार्च को वाराणसी में पत्नी को छोड़कर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मीरजापुर के लिए निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। 29 मार्च को वाराणसी के सिगरा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

बताया गया कि जयप्रकाश के पुत्र हरिओम की तबीयत काफी समय से गंभीर थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे।

देहात कोतवाल अमित मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story