मीरजापुर की बेटी का गोवा में जलवा, 50 की उम्र में जीता स्वर्ण और कांस्य पदक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर की बेटी का गोवा में जलवा, 50 की उम्र में जीता स्वर्ण और कांस्य पदक


मीरजापुर, 30 मई (हि.स.)। उम्र महज एक संख्या है, यह साबित कर दिखाया है मीरजापुर के चुनार की नीलू मिश्रा ने। गोवा के बेंबोलिम स्टेडियम में 30 और 31 मई को आयोजित तीसरी नेशनल वूमेन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शनिवार को उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

देश के विभिन्न राज्यों से 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष तक की महिला खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। उत्तर प्रदेश टीम की कप्तान के रूप में हिस्सा लेने वाली नीलू मिश्रा ने 50 प्लस आयु वर्ग की 80 मीटर बाधा दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस स्पर्धा में पश्चिम बंगाल की खिलाड़ी दूसरे तथा कर्नाटक की खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रहीं।

यहीं नहीं, नीलू मिश्रा ने 50+ आयु वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में असम की खिलाड़ी प्रथम और कर्नाटक की खिलाड़ी द्वितीय स्थान पर रहीं।

मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति प्रेरित करना है। प्रतियोगिता को भविष्य में एशियाई स्तर तक विस्तारित करने की भी योजना है।

नीलू मिश्रा की इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश समेत मीरजापुर जिले में खुशी की लहर है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि खेलों में जुनून और समर्पण के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती। उनकी उपलब्धि महिला खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story