मीरजापुरः समाधान दिवस में 307 शिकायतें आईं, 19 का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः समाधान दिवस में 307 शिकायतें आईं, 19 का मौके पर निस्तारण


- सदर तहसील में डीएम ने सुनी फरियाद, अधिकारियों को समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

मीरजापुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। कुल 307 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 19 का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

सदर तहसील में 119 शिकायतों में सात का मौके पर निस्तारण हुआ। डीएम ने फरियादियों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। चुनार में अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता के समक्ष 64 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें चार का निस्तारण हुआ। मड़िहान में एसडीएम संतोष कुमार ओझा के समक्ष 76 शिकायतें मिलीं और पांच का समाधान किया गया। वहीं लालगंज में एसडीएम अजीत कुमार के समक्ष 48 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण हुआ।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। सदर तहसील में एसडीएम महेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story