मीरजापुर को 19 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, चौबे घाट पर बनेगा विद्युत शवदाह गृह
- नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने किया शिलान्यास और लोकार्पण, विंध्याचल में बनेगा उत्सव भवन, विसुंदरपुर और फतहां में बारात घर जनता को समर्पित
मीरजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक आस्था के साथ अब विकास की नई सुविधाओं से भी मीरजापुर की तस्वीर बदलेगी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को जिले को करीब 19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं का शिलान्यास और नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था और आम नागरिकों को मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
मंत्री ने चौबे घाट पर तीन करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की सौगात दी। यहां श्रद्धालुओं के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके साथ ही विद्युत शवदाह गृह का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे अंतिम संस्कार की सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा टांडा में कूड़ा निस्तारण परियोजना और विंध्याचल में उत्सव भवन के निर्माण का शिलान्यास किया गया। कूड़ा निस्तारण परियोजना से नगर की सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। वहीं, उत्सव भवन बनने से विंध्याचल के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
मंत्री ने विसुंदरपुर और फतहां में नवनिर्मित बारात घरों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन भवनों से खासकर मध्यम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शादी-विवाह सहित अन्य आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इस मौके पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने का काम किया जा रहा है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। मीरजापुर जैसे धार्मिक महत्व वाले नगर में आस्था और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ा जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक सुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

