मीरजापुर : तेज रफ्तार ट्रक-बाइक की टक्कर में तीसरे घायल की भी मौत

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : तेज रफ्तार ट्रक-बाइक की टक्कर में तीसरे घायल की भी मौत


- दो युवकों की मौके पर और एक की उपचार के दौरान गई जान, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से पसरा मातम

मीरजापुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के पंवारी कला गांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक रामेश्वर उर्फ नेता (20) ने भी देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार सुबह परिजन शव लेकर हलिया थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारीकला गांव निवासी तीनों युवक शुक्रवार को बाइक से गड़बड़ा पुल की ओर से घर लौट रहे थे। पंवारी कला गांव स्थित वन विभाग के प्लांटेशन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामसिंघार ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बबुलेश कोल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, रामेश्वर उर्फ नेता को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर मीरजापुर से वाराणसी रेफर किया गया, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।

तीनों युवकों की मौत की खबर से बंजारीकला गांव में कोहराम मच गया। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजन उमाशंकर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

ग्राम प्रधान संजय सिंह ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और आर्थिक सहयोग करते हुए शासन से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773798 Articles

Share this story