किसान दिवस में उठीं सड़क, सिंचाई व खरीद की समस्याएं, जिलाधिकारी ने दिए समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
किसान दिवस में उठीं सड़क, सिंचाई व खरीद की समस्याएं, जिलाधिकारी ने दिए समाधान के निर्देश


मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न ब्लॉकों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। बैठक की शुरुआत उप कृषि निदेशक द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही से किसानों को अवगत कराने के साथ हुई।

सदर ब्लॉक के किसान श्यामलाल मौर्य ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सामने गड्ढा व गंदे नाले की समस्या तथा पंचतला होटल से शेरनाथ मंदिर तक क्षतिग्रस्त सड़क का मुद्दा उठाया। वहीं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दौलत सिंह ने चुनार तहसील के कई गांवों में नालों पर अतिक्रमण के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए वर्षा से पहले नालों की सफाई की मांग की। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के ओमप्रकाश सिंह ने गेहूं खरीद केंद्रों को सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग की। ग्राम प्रधान उपासना सिंह ने निर्माणाधीन गौशाला को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा हो सके।

लालगंज के संतोष दूबे ने अदवा बैराज से मेजा डैम को जोड़ने वाली नहर की पटरी को पक्की सड़क में बदलने का प्रस्ताव रखा। वहीं किसान यूनियन (लोकशक्ति) के धर्मदेव उपाध्याय ने ददरी खुर्द पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण और जंगल कटान का मुद्दा उठाया। अनिल कुमार सिंह ने चुनार में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना तथा अरुण कुमार सिंह ने अधूरी पड़ी रामपुर कामता माइनर को पूरा कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता हैं, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी समाधान किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story