डीएम ने की स्वनिर्मित जूट उत्पादों की सराहना, समूह को प्रिंटिंग मशीन लगाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने की स्वनिर्मित जूट उत्पादों की सराहना, समूह को प्रिंटिंग मशीन लगाने के निर्देश


- हलिया ब्लॉक पहुंचे डीएम–सीडीओ, कर्मियों संग बैठक कर योजनाओं की समीक्षा

मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार (आईएएस) ने गुरुवार की शाम ब्लॉक मुख्यालय हलिया पहुंचकर ब्लॉक का निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना निदेशक धर्मजीत सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर का निरीक्षण कर बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात ब्लॉक सभागार में ब्लॉक कर्मियों एवं तकनीकी सहायकों के साथ बैठक कर विकसित जी-राम-जी योजना की समीक्षा की गई। डीएम व सीडीओ ने निर्देश दिया कि योजना के तहत श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए। बैठक में एडीओ, तकनीकी सहायक एवं जेई को कार्यों के स्टीमेट तैयार करने तथा स्थलीय सत्यापन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।

बैठक के दौरान शिव गुरु सहायता समूह हलिया की महिलाओं ने स्वनिर्मित जूट के फाइल बैग, झोला एवं पानी बोतल बैग प्रदर्शित किए। सीडीओ ने समूह के कार्यों की सराहना करते हुए उत्पादों को और बेहतर बनाने के लिए समूह के माध्यम से प्रिंटिंग मशीन लगाने का सुझाव दिया।

अधिकारियों ने कनिष्ठ लिपिक कक्ष का भी अवलोकन किया, जहां जीपीएफ पासबुक अधूरी पाई गई। इस पर संबंधित बाबू अजय कुमार यादव को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बीडीओ को बीज गोदाम खाली कर उसे उपयोग में लाने के निर्देश भी दिए गए। हलिया-मतवार रोड निर्माण की स्थानीय लोगों की मांग पर अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम लालगंज महेंद्र सिंह, अंशुल हिंदल, बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी, सहित ब्लॉक कर्मी व तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story