राज्य स्तरीय टीम ने किया सीएचसी राजगढ़ का औचक निरीक्षण, मरीजों से ली फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय टीम ने किया सीएचसी राजगढ़ का औचक निरीक्षण, मरीजों से ली फीडबैक


मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की पहल के तहत सोमवार को दो सदस्यीय राज्यस्तरीय टीम ने मीरजापुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ का औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की गहन पड़ताल कर चिकित्सकों से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

जौनपुर से आए एसीएमओ यू. चौहान तथा एचईओ झुल्लु सोनकर ने दवा वितरण केंद्र, प्रसव कक्ष, लैब, दवा भंडारण कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, भर्ती वार्ड, ओपीडी, साफ-सफाई और सामान्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी और इलाज संबंधी अनुभव पूछे। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कश्यप ने संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों व फार्मासिस्टों की कमी है। 30 बेड के अस्पताल में साफ-सफाई के लिए तीन स्वीपर की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में केवल एक ही स्वीपर कार्यरत है। दो अतिरिक्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति की मांग की गई।

डॉ. कश्यप ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य आम जनता को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। टीम ने चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर इलाज व सुविधाएं देने के निर्देश दिए। इस दौरान डॉ. संतलाल, डॉ. अनूप कुमार, फार्मासिस्ट नीरज चतुर्वेदी, पंकज शुक्ला, सत्येंद्र सिंह, अजीत सिंह, राहुल सिंह, जेड अहमद, शिवा देवी सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story