अष्टमी स्नान करते समय गंगा में डूबा मासूम, दादी को लोगों ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
अष्टमी स्नान करते समय गंगा में डूबा मासूम, दादी को लोगों ने बचाया


मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी गंगा घाट पर गुरुवार को महाअष्टमी के पावन स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने आया आठ वर्षीय बालक गहरे पानी में डूब गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में गंगा में कूदी दादी को स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सेमरी मदरसा गांव निवासी शमशेर बहादुर का पुत्र आजाद अपने दादा-दादी के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर आया था। स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। पोते को डूबता देख दादी ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक मासूम आजाद गहरे पानी में समा चुका था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक खोजबीन जारी रही। आजाद अपने ननिहाल में रहकर कक्षा दो का छात्र था और छुट्टियों में घर आया हुआ था। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story