नवरात्र मेला काे लेकर मीरजापुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, डायवर्जन प्लान लागू

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र मेला काे लेकर मीरजापुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, डायवर्जन प्लान लागू


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के अवसर पर विंध्याचल धाम में लगने वाले विशाल मेले को लेकर यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 19 मार्च से शुरू हो रहे मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने 18 मार्च सुबह 6 बजे से 27 मार्च रात 10 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध (नो-एंट्री) लागू कर दिया है।

यातायात प्रभारी विवेकानंद सिंह ने बुधवार काे बताया कि प्रयागराज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गैपुरा चौराहा से विजयपुर होते हुए लालगंज की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, नटवा तिराहा से विंध्याचल की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जिन्हें वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ही चेकिंग के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। बालू, गिट्टी, मोरंग और लोहे से लदे वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। प्रयागराज की ओर से आने वाली बसों को अष्टभुजा पार्किंग, जबकि सोनभद्र व मध्य प्रदेश की ओर से आने वाली बसों को अमरावती और हरिश्चंद्र पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वाराणसी, जौनपुर और भदोही की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

पार्किंग फुल होने की स्थिति में वैकल्पिक और कंटीजेंसी पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही, अमरावती चौराहे पर अस्थायी यातायात नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में सड़क पर वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए क्रेन और मोबाइल टीमों की तैनाती रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, स्कूल बस, पेट्रोलियम वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। यातायात प्रभारी ने आमजन से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story