मीरजापुर: होटल-ढाबों और गैराजों में छापेमारी, पांच नाबालिग बालश्रम से मुक्त
मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)। बालश्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जिले में होटल, ढाबे, कार गैराज और ऑटो रिपेयर सेंटरों की सघन जांच की। इस दौरान पांच नाबालिग बच्चों को बालश्रम करते हुए पाया गया। टीम ने सभी बच्चों को रेस्क्यू कर बालश्रम से मुक्त कराया।
कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अखिल बाल बचाव एवं पुनर्वास तथा किशोर श्रम उन्मूलन अभियान के तहत की गई। बच्चों से काम कराने वाले सेवायोजकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही एएचटी थाने में संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को चाइल्डलाइन की मदद से बाल कल्याण समिति मीरजापुर के समक्ष सुपुर्द किया गया। अभियान के दौरान एएचटी प्रभारी रामअधार यादव, उपनिरीक्षक आरती कुमार समेत पुलिस टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों और लोगों को बालश्रम न कराने के लिए जागरूक भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

