फिरोजाबाद में करंट लगने से नाबालिग युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
फिरोजाबाद में करंट लगने से नाबालिग युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम


फिरोजाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को उच्च तापीय लाइन का करंट लगने से एक नाबालिग की मौत हो गई। घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जाम लगा दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की।

जसराना थाना क्षेत्र के गांव मटियारी सराय निवासी गिरीश चंद्र का पुत्र सोनू (17) आज अपने खेत पर जा रहा था, तभी अचानक वह उच्च तापीय विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए यह हादसा हुआ है।

जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम जसराना और सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को संभाला। प्रशासन ने जाम खुलवाया और हालात को नियंत्रित किया।

सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से नाबालिग युवक की मौत प्रतीत हो रही है। संबंधित विभाग से भी जानकारी ली जा रही है और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story