सर्व समाज की आस्था और समरसता का प्रतीक है शीतला माता मंदिर : असीम अरुण

WhatsApp Channel Join Now
सर्व समाज की आस्था और समरसता का प्रतीक है शीतला माता मंदिर : असीम अरुण


लखनऊ, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक शीतला माता मंदिर में सर्व समाज के सम्मान, आस्था और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार की शाम विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण एवं मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल सहित सर्व समाज के प्रबुद्ध जनों तथा भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने एक साथ माता शीतला के दर्शन कर लोक-कल्याण की प्रार्थना की।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री असीम अरुण ने हाल ही में मंदिर परिसर में विधायक जय देवी कौशल को कथित रूप से पूजा अर्चना से रोके जाने और उचित सम्मान न देने पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधि पूरे समाज का प्रतिनिधित्व करता है और उनका सम्मान सर्व समाज का सम्मान है। किसी भी धार्मिक या सामाजिक मंच पर किसी भी जनप्रतिनिधि अथवा नागरिक के सम्मान से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।

मंत्री असीम अरुण ने कहा, शीतला माता का मंदिर सर्व समाज की आस्था का केंद्र है। आज सर्व समाज के लोगों ने एक साथ मिलकर विधायक जय देवी के साथ पूजा-अर्चना कर यह संदेश दिया है कि समाज में समरसता, भाईचारा और परस्पर सम्मान ही सबसे सर्वोपरि है।

उन्होंने मलिहाबाद विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि क्षेत्र के विकास और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के प्रति उनकी निष्ठा का ही परिणाम है कि शीतला माता मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार, बुनियादी ढांचे का सुधार और सौंदर्यीकरण का कार्य तीव्र गति से पूरा किया जाएगा।

इस पूजा-अर्चना कार्यक्रम में सर्व समाज के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विधायक जय देवी कौशल के प्रति अपनी एकजुटता व समर्थन जताया। उपस्थित जनसमूह ने मंदिर विकास के इस सराहनीय प्रयास के लिए विधायक एवं प्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर विधायक योगेश शुक्ला, विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिला पंचायत सदस्य शैलेश राम सहित प्रदेश भर से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story