नवरात्र में मंत्री स्वतंत्र देव की प्रार्थना—प्रदेश रहे खुशहाल, गरीबों का हो कल्याण
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मां विंध्यवासिनी के दरबार पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन करने के साथ ही मां कालीखोह और मां अष्टभुजा के दर्शन कर त्रिकोण परिक्रमा भी की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने देश व प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता खुशहाल रहे, सबका विकास हो और समाज में सुख-समृद्धि बनी रहे।
मंत्री ने कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ रहने तथा गरीबों के कल्याण के लिए मां से प्रार्थना की है।
इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

