सीएम के दौरे को लेकर प्रभारी मंत्री सख्त, तैयारियों में लापरवाही पर चेताया

WhatsApp Channel Join Now
सीएम के दौरे को लेकर प्रभारी मंत्री सख्त, तैयारियों में लापरवाही पर चेताया


- हेलीपैड से मंदिर और जनसभा स्थल तक रूट व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने मंगलवार को अष्टभुजा गेस्ट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड से विंध्याचल मंदिर और जनसभा स्थल तक रूट व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने हेलीपैड, मंच, जर्मन हैंगर टेंट, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास, पेयजल, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती और पार्किंग व्यवस्था के बारे में बताया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विंध्याचल मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद विंध्य कॉरिडोर का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसे देखते हुए कॉरिडोर परिसर और उससे जुड़े चारों प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। गंगा घाटों पर भी स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने जनसभा में आने वाले लोगों के बैठने, आवागमन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा, ताकि जाम न लगे और लोगों को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के समय हेलीपैड व मंच पर मौजूद रहने वाले जनप्रतिनिधियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में विधायक रत्नाकर मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story