जनहित में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : संजय गंगवार
उरई, 20 मई (हि.स.)। प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गयी। प्रभारी मंत्री ने इस दौरान सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पोषण, पेंशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का अंतिम उद्देश्य आम जन को राहत देना होना चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निकायों में वार्डवार अभियान चलाकर प्रत्येक वार्ड को संतृप्त किया जाए, ताकि अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा योजना का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों को समय से खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए। खरीद केंद्रों और कृषि केंद्रों पर पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रहें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर डॉक्टरों के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएं तथा मौके पर ही पेंशन आवेदन भरवाकर पात्र दिव्यांगजनों को लाभांवित किया जाए।
फैमिली आईडी अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष कैंप लगाकर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ न पाए और कोई भी पात्र परिवार सूची से वंचित न रह जाए।
चिकित्सा विभाग को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लोगों का त्वरित पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समयबद्ध उपचार देने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को सभी पेंशन योजनाओं में पात्रता की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा समय से भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं। किसानों को “पहले आओ–पहले पाओ” के आधार पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाएं।
इस अवसर पर एमएलसी रमा निरंजन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

