‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ पर मंत्री नंदी ने गिनाईं उपलब्धियां, विकास पुस्तिका का विमोचन
मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ कार्यक्रम के तहत बुधवार देर शाम अष्टभुजा गेस्ट हाउस सभागार में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या और भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज मौजूद रहे। कार्यक्रम में ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
मंत्री नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते 09 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कानून व्यवस्था में सुधार को प्रमुख उपलब्धि बताते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हुई है और प्रदेश निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण बना है।
उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। करीब 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 5.60 करोड़ आयुष्मान कार्ड और 9 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा कवर मिला है। महिला सशक्तिकरण के तहत 1.6 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।
कृषि क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान में रिकॉर्ड राशि दी गई है। युवाओं को रोजगार के अवसर देते हुए 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं और लाखों युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं।
इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और मेट्रो परियोजनाओं का विस्तार हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को 2029-30 तक एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और मुख्य विकास अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

