विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी : कपिल देव अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी : कपिल देव अग्रवाल


बिजनौर, 04 जून (हि.स.)। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार काे अपराह्न कलेक्ट्रेट सभागार में बिजनाैर जनपद के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की हुई।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर जनता को उनका लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विभागीय अधिकारी फील्ड भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में मंत्री द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, कृषि, नगर विकास, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक नहटौर ओम कुमार, जिला अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, महिला आयोग सदस्या संगीता जैन, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

Share this story