बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे लोगों के बीच पहुंचे मंत्री जयवीर सिंह, बांटी राहत कीट
फर्रुखाबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार को जनपद फर्रूखाबाद में बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे गंगापार के पीड़ितों की सुध लेने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अमृतपुर में राहत सामग्री किट एवं सर्पदंश राहत अनुदान चेक वितरित किए।
जिले के प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित 100 परिवारों को राहत सामग्री किट एवं 01 लाभार्थी को सर्पदंश राहत अनुदान राशि चेक वितरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित नागरिकों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार तक शासन द्वारा अनुमन्य राहत एवं सहायता समयबद्ध रूप से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखी जाए।
इस मौके पर प्रशासक जिला पंचायत मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि एवं जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

