मां विंध्यवासिनी के दर्शन बाद मंत्री अनिल राजभर बोले, जैसी करनी वैसी भरनी

WhatsApp Channel Join Now
मां विंध्यवासिनी के दर्शन बाद मंत्री अनिल राजभर बोले, जैसी करनी वैसी भरनी


मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने शनिवार शाम मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सपा नेता आजम खां पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला जैसी करनी वैसी भरनी को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को जूते की नोक पर रखने वाला और भारत माता पर अभद्र टिप्पणी करने वाला व्यक्ति आज कानून के दायरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां खुद को सिस्टम से ऊपर समझते थे और पूरे तंत्र पर कब्जा जमाए हुए थे। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर पर टिप्पणी करने वाले नेताओं के खिलाफ न्यायालय का फैसला लोकतंत्र और संविधान की मजबूती का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व आज भी अपने नेताओं की विवादित टिप्पणियों पर चुप्पी साधे हुए है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एक विशेष वर्ग के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी नेतृत्व द्वारा ऐसे लोगों को न तो रोका जा रहा है और न ही फटकार लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की कार्यशैली से समाज क्या उम्मीद कर सकता है, यह सभी देख रहे हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story