जनता को निर्बाध बिजली मिले और समयबद्ध विकास कार्य सुनिश्चित हों : एके शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
जनता को निर्बाध बिजली मिले और समयबद्ध विकास कार्य सुनिश्चित हों : एके शर्मा


— माघ मेले से पहले सभी प्रमुख परियोजनाएं हों पूर्ण

लखनऊ, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को प्रयागराज भ्रमण के दौरान सर्किट हाउस सभागार में ऊर्जा विभाग, नगर विकास विभाग एवं विकास प्राधिकरण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान श्री शर्मा ने प्रदेशवासियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वीकृत अथवा निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

नगर विकास एवं विकास प्राधिकरण की समीक्षा में मंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाकर उन्हें आगामी माघ मेले से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों में भी गति लाने के निर्देश दिए।श्री शर्मा ने कहा कि महाकुंभ के पूर्व शहर के जिन प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण किया गया है, उनका पुनः निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। वर्षाकाल को देखते हुए सभी नालों की समयबद्ध सफाई कर जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाई जाए।

उन्होंने हनुमान मंदिर कॉरिडोर के शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र के किनारे स्थापित स्ट्रीट लाइटों के संबंध में निर्देशित किया कि जहां उनकी आवश्यकता अभी भी बनी हुई है, वहां उन्हें हटाया न जाए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में मंत्री एके. शर्मा ने दोहराया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं और विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक परियोजना गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story