बेटी के घर साइकिल से जा रहे अधेड़ की मौत, लू लगने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
बेटी के घर साइकिल से जा रहे अधेड़ की मौत, लू लगने की आशंका


मीरजापुर, 23 मई (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के इमलिया चट्टी चौकी अंतर्गत सेमरा मीरपुर नहर किनारे शनिवार शाम करीब पांच बजे एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बाद में शव की पहचान 55 वर्षीय बिनोद सिंह पटेल पुत्र दीनानाथ पटेल निवासी बघेड़ी खुर्द थाना अदलहाट के रूप में हुई।

बताया गया कि बिनोद सिंह पटेल शनिवार दोपहर साइकिल से अपनी बेटी के घर एकली अहरौरा जा रहे थे। रास्ते में तेज धूप और गर्मी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। आशंका जताई जा रही है कि लू लगने के कारण वह नहर किनारे एक घर के पास छाया देखकर लेट गए। इस दौरान उन्होंने अपने कपड़े भी उतार दिए थे।

इमलिया चट्टी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शाम करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना और फोटो साझा की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पहचान कराने का प्रयास किया। सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने पर मृतक के दामाद संदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने ससुर बिनोद सिंह पटेल के रूप में की।

परिजन के अनुसार बिनोद सिंह पटेल शनिवार दोपहर घर से साइकिल द्वारा अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकले थे।

चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story