गोरखपुर : एमजीयूजी के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में मिलेगा मुख्यमंत्री योगी का मार्गदर्शन, होंगे विविध आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर : एमजीयूजी के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में मिलेगा मुख्यमंत्री योगी का मार्गदर्शन, होंगे विविध आयोजन


गोरखपुर : एमजीयूजी के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में मिलेगा मुख्यमंत्री योगी का मार्गदर्शन, होंगे विविध आयोजन


-28 अगस्त के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री एवं इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति होगी विशेष

- सप्ताह भर विद्यार्थियों के लिए साहित्यिक, सांस्कृतिक व क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

गोरखपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के पांचवें स्थापना दिवस (28 अगस्त) पर गोरक्षपीठाधीश्वर, मुख्यमंत्री एवं इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगी आदित्यनाथ का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को प्राप्त होगा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में एक सप्ताह तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साप्ताहिक कार्यक्रमों का शुभारंभ 22 अगस्त को युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज एवं राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज स्मृति सप्तदिवसीय व्याख्यानमाला का आयोजन के साथ होगा। 22 अगस्त को समारोह का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय बलरामपुर के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह करेंगे। 28 अगस्त को साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के समापन व विश्वविद्यालय की स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति विशेष होगी।

पांचवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए एमजीयूजी के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने रविवार काे बताया कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज एवं राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के लोक कल्याण व राष्ट्रीयता के आदर्शों के अनुसरण स्वरूप की गई है। सात दिवसीय व्याख्यानमाला इन्हीं दो महापुरुषों के विचारों व पुण्य स्मरण को समर्पित रहेगी। व्याख्यानमाला का उद्घाटन समारोह 22 अगस्त को होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. भूपेश कुमार गोयल करेंगे। व्याख्यानमाला के प्रथम दिन ‘विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी, कृषि, चिकित्सा : नवप्रवर्तक भारत के लिए’ विषय पर मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय बलरामपुर के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह व्याख्यान देंगे। दूसरे दिन 23 अगस्त को ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कृषि का योगदान’ विषय पर आईसीएआर के पूर्व निदेशक डॉ. अश्विनी दत्त पाठक और ‘भारत में प्राकृतिक खेती का वर्तमान परिदृश्य’ विषय पर कृषि विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक अरविंद कुमार सिंह अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

24 अगस्त को ‘वायरल संक्रमण और कैंसर में चिकित्सीय लाभ के लिए चयापचय संबंधी परिवर्तनों को लक्षित करना’ विषय पर परमाणु चिकित्सा एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान आईएनएमएएस, डीआरडीओ नई दिल्ली के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनंत नारायण भट्ट और ‘मानसून और रोगाणु: शहरी झुग्गी-झोपड़ियों में जलजनित हेपेटाइटिस ए और ई के प्रकोप को रोकने की रणनीतियां’ विषय पर वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पंकज कुमार, 25 अगस्त को ‘भारत: लोकतंत्र की जननी’ विषय पर महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के पूर्व कुलपति डॉ. संजीव कुमार शर्मा तथा ‘विश्वविद्यालय के छात्रों में शैक्षणिक तनाव की रोकथाम और प्रबंधन’ विषय पर महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय गोरखपुर के काय चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार सिंह व्याख्यान देंगे। 26 अगस्त को ‘भारत में फार्मास्युटिकल और स्वास्थ्य सेवा शिक्षा एवं अनुसंधान में उद्योग-अकादमिक सहयोग’ विषय पर आईसीएफएआई विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश के कुलाधिपति डॉ. राजशेखरन पिल्लई और ‘औषधि खोज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर एमएमएमयूटी गोरखपुर में फार्मास्युटिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग की प्रोफेसर स्मृति ओझा तथा 27 अगस्त को ‘भविष्य के डॉक्टर: कृत्रिम बुद्धिमत्ता नैदानिक उत्कृष्टता और मानवीय स्पर्श’ विषय पर द परमानेंट मेडिकल ग्रुप, कैलिफोर्निया यूएसए के सीनियर पार्टनर और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विजय तिवारी व ‘चिकित्सा नैतिकता और व्यावसायिकता: स्वास्थ्य सेवा में विश्वास का निर्माण’ विषय पर रॉयल कॉलेज ग्लासगो, लंदन यूके के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार डॉ. विवेक चंद्र का व्याख्यान होगा।

कुलसचिव डॉ. राव ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए 22 से 27 अगस्त तक साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल संबंधी स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में मेधावियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 180 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story