व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा हटाने और रिश्वत मांगने वाले दरोगा पर कार्रवाई की मांग,व्यापारी संगठन ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा हटाने और रिश्वत मांगने वाले दरोगा पर कार्रवाई की मांग,व्यापारी संगठन ने किया प्रदर्शन


फर्रुखाबाद,25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को कचहरी पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने व रिश्वत मांगने वाले दरोगा पर कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजय वंशल को सौंपा।

जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव शुक्ला एवं नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद रईस के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश के करोड़ों व्यापारियों का सबसे लोकप्रिय एवं प्रतिष्ठित व्यापारी संगठन है। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल इसकी युवा इकाई के रूप में पूरे प्रदेश में सक्रिय है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के निर्देश पर थाना मऊदरवाजा में व्यापारियों पर लगे फर्जी मुकदमे को समाप्त करने, भ्रष्टाचार में लिप्त चौकी इंचार्ज बजरिया पर कार्रवाई एवं निलंबित करने की मांग की जा रही है। 1 फरवरी 2026 को थाना मऊदरवाजा में अपराध संख्या 0046/26 धारा 191(2) 191(3) 190/223/287 के तहत दर्ज मुकदमे में फर्जी तरीके से व्यापारियों को फंसाया गया है। जबकि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को बजरिया चौकी इंचार्ज व एक सिपाही के विरुद्ध भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ज्ञापन के माध्यम से जांच कराने की मांग की थी। जिसमें एक सप्ताह में अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो धरना प्रदर्शन करने की भी बात कही गई थी।

कई व्यापारियों को जेल भी भेज चुके हैं जबकि मुकदमे की धाराओं के आधार पर किसी को जेल भेजने का अधिकार नहीं है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत हुआ है। उनके व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी हैं या सहयोगी मिलने वाले हैं जिनका इस मुकदमे से कोई सम्बन्ध नहीं है, उन व्यापारियों को फोन करके और उनके घर दबिश देकर दरोगा राहुल कुमार 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं, न देने पर सबको जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं।

ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री नरेश पालिवाल, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार कनौजिया उर्फ लल्लू, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना, नगर संयुक्त महामंत्री रामजी पाठक, युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, जिला महिला अध्यक्ष सनी शुक्ला, नगर महिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, मनोज कुमार नगर अध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन अरुण अग्निहोत्री, महिला जिला महामंत्री हेमलता मिश्रा, जिला महिला संयुक्त महामंत्री अनीता शर्मा, जिला महिला उपाध्यक्ष सीता भदौरिया, डॉ महेंद्र कुमार श्रीवास्तव अध्यक्ष अंगूरी बाग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story