किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं हेल्थ एजुकेशन को प्रभावी बनाएं : प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी

WhatsApp Channel Join Now
किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं हेल्थ एजुकेशन को प्रभावी बनाएं : प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी


राज्य स्तरीय समिति की बैठक में माहवारी स्वच्छता, किशोरावस्था स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित अपशिष्ट निस्तारण के लिए विभागीय समन्वय से प्रभावी कार्ययोजना विकसित करने के निर्देश

लखनऊ, 16 नवंबर (हि.स.)। किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा उन्हें वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक स्वास्थ्य शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक सोमवार को एनेक्सी भवन, लखनऊ में प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

प्रमुख सचिव ने सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने हेल्थ एजुकेशन को विद्यालयों की नियमित गतिविधियों से जोड़ते हुए किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आयु के अनुरूप वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि माहवारी प्रारंभ होने से पूर्व ही किशोरियों को इसके संबंध में आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता उपलब्ध कराने के लिए नियमित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों में माहवारी चक्र, सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी व्यवहार, संतुलित पोषण, एनीमिया की रोकथाम तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श की उपलब्धता जैसे विषयों को शामिल किया जाए। साथ ही माहवारी से जुड़े मिथकों, भ्रांतियों एवं सामाजिक संकोच को दूर करने के लिए विद्यालयों एवं सामुदायिक स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। इसके लिए डिजिटल एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न संचार माध्यमों का भी प्रभावी उपयोग किया जाए।

बैठक में माहवारी स्वच्छता उत्पादों के सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रमुख सचिव ने नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माहवारी अपशिष्ट के प्रबंधन तथा सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महानिदेशक, परिवार कल्याण एवं महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास, नमामि गंगे, श्रम, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण विभाग तथा न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story