संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत,हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित नैनिया नगला गांव में मंगलवार को एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव घर की रसोई में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, नैनिया नगला गांव निवासी अनुज मंगलवार करीब 11 बजे तक घर पर काम कर रहा था। इसके बाद सोने चला गया। दोपहर 3 बजे उसका शव रसोई में लटका मिला। अनुज टेंट हाउस और डीजे का काम करता था और उसकी शादी करीब सात महीने पहले एटा जिले के नकटई अलीगंज निवासी वंदना से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। मृतक के बड़े भाई सुनील ने आरोप लगाया कि रसोई की स्थिति को देखते हुए यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या प्रतीत हो रहा है। अनुज को मारकर फंदे पर लटकाया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मृतक की पत्नी पर हत्या का शक है।
थाना प्रभारी अजब सिंह का कहना है कि युवक ने कथित रूप से पत्नी से विवाद के चलते आत्महत्या की है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

