युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास


औरैया, 29 जून (हि.स.)। अछल्दा थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद अड्डा में सोमवार दोपहर घरेलू विवाद में युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मोहम्मदाबाद अड्डा निवासी 34 वर्षीय रामू का शनिवार को पत्नी पूजा के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पत्नी पूजा ने थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले में पुलिस ने रविवार को रामू को हिरासत में लिया था। बाद में रविवार शाम पत्नी पूजा थाने पहुंची और पति से समझौता होने के बाद उसे अपने साथ घर वापस ले गई। सोमवार दोपहर जब पूजा बच्चों के साथ सो रही थी, तभी रामू ने उसे उठाकर कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने घर के जीने में लगे कड़े में रस्सी बांधकर फांसी लगाने का प्रयास किया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे नीचे उतारा। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाया गया, जहां डॉ. ललित मोहन ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे चिचौली हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक ब्रजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story