कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा के व्यापक करे इंतजाम : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा के व्यापक करे इंतजाम : जिलाधिकारी


फर्रुखाबाद, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार काे जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य सुनिश्चित कराया जाए। सड़कों पर बने गड्ढों एवं अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों को तत्काल ठीक कराया जाए, जिससे जनपदवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी भी की जाए।

जिलाधिकारी ने आगामी शीत ऋतु एवं कोहरे की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की प्रमुख सड़कों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर मार्ग संकेतक (साइन बोर्ड), दिशा सूचक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग एवं अन्य सड़क सुरक्षा संकेतकों को दुरुस्त कराया जाए। जिन स्थानों पर संकेतक क्षतिग्रस्त अथवा अस्पष्ट हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोहरे एवं ओस के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को मार्ग की स्थिति एवं दिशा की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा संकेतकों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी सड़क सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story