हज-2027 के यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल जांच

WhatsApp Channel Join Now
हज-2027 के यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल जांच


- 15 सितंबर तक प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य

मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को अब दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस जांच करानी होगी। प्रथम चरण की जांच चयन के बाद और दूसरी जांच उड़ान से पहले होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रामदत्त प्रजापति ने शनिवार काे बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर के अनुसार यह प्रक्रिया अनिवार्य की गई है।

प्रथम चरण में चयनित हज यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्र में स्वास्थ्य जांच करानी होगी। जांच के बाद एलोपैथिक चिकित्सक की ओर से फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज 15 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट अपलोड करने के बाद उसकी प्रति सुरक्षित रखें, जिसे उड़ान से पहले होने वाली दूसरी जांच में प्रस्तुत करना होगा।

जांच के दौरान किसी बीमारी की जानकारी छिपाने से बचने की सलाह दी गई है। जांच में अनफिट पाए जाने पर हज यात्रा निरस्त कर नियमानुसार धनराशि वापस की जाएगी। जानबूझकर बीमारी छिपाने की स्थिति में कार्रवाई के साथ जमा धनराशि जब्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story