मध्यस्थता अभियान 3.0 का प्रचार तेज, सुलह-समझौते से निस्तारित कराएं लंबित मुकदमे

WhatsApp Channel Join Now
मध्यस्थता अभियान 3.0 का प्रचार तेज, सुलह-समझौते से निस्तारित कराएं लंबित मुकदमे


औरैया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत जिले में वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चौहान के निर्देशानुसार तथा प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता के नेतृत्व में अभियान संचालित किया जा रहा है।

प्राधिकरण की सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि उक्त अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षित मध्यस्थों के माध्यम से सुलह-वार्ता कराकर विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण कराया जा रहा है। इनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना, बिजली संबंधी विवाद, शमनीय आपराधिक मामले और लघु प्रकृति के वाद शामिल हैं। मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के शहरी क्षेत्रों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके जरिए आमजन को मध्यस्थता के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि जिनके मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे सुलह-वार्ता के माध्यम से उनका निस्तारण कराने के लिए आगे आएं और राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story