मथुरा : यूपी-हरियाणा की रोडवेज बसें आपस में टकराई, दो दर्जन यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा : यूपी-हरियाणा की रोडवेज बसें आपस में टकराई, दो दर्जन यात्री घायल


मथुरा, 30 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र स्थित कोटवन चौकी के पास गुरुवार दोपहर को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस और हरियाणा की एक प्राइवेट बस के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बस बेकाबू होकर हाईवे किनारे पलट गई। हादसे में करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मथुरा की ओर जा रही रोडवेज बस ने आगे चल रही हरियाणा की प्राइवेट बस को पीछे से टक्कर मार दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों तथा राहगीरों ने बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी न बनाए रखना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।-------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story