(अपडेट) मप्र के यात्रियों की कार खड़े डंपर में घुसी, मां-बेटे सहित चार की मौत, पांच की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्र के यात्रियों की कार खड़े डंपर में घुसी, मां-बेटे सहित चार की मौत, पांच की हालत गंभीर


मथुरा, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड से मथुरा के ब्रज दर्शन करने आए एक परिवार की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार थाना जैत क्षेत्र में सोमवार सुबह हाइवे पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे में दो बच्चों और दो महिलाओं सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ कार (संख्या एमपी 30 जेड 2690) से मथुरा घूमने आए थे। सोमवार सुबह लगभग 7ः30 बजे सभी लोग स्विफ्ट कार में सवार होकर बरसाना से रमणरेती और वृंदावन के दर्शन के लिए निकल थे। हाइवे पर थाना जैत क्षेत्र के अंतर्गत सनसिटी के पास उनकी कार ग्वालियर की तरफ से डस्ट लेकर आ रहे एक खड़े ट्रक (संख्या आरजे 11 जीबी 7922) में पीछे से जोरदार टक्कर अंदर घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और जैसे-तैसे फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

इस भीषण दुर्घटना में रुद्र (०4) पुत्र देवाशीष, रूबी (32) पत्नी सुनील शर्मा और उनका बेटा कान्हा (10), सहेली ज्योति (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे देवाशीष, उनकी मां आशादेवी, पत्नी गिरजा देवी, बेटी गौरी (०5) और ज्योति की 12 वर्षीय बेटी पलक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सर्वाेदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में चल रहा है। इनमें से दो घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई हैं। घटना की सूचना के बाद जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना।

डीएम चन्द्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी के चालक देवाशीष ने रात में दो अलग-अलग जगहों पर परिक्रमा की थी। संभवतः रातभर नींद पूरी न होने और झपकी आने के कारण उनका नियंत्रण बिगड़ा और हादसा हुआ। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

मथुरा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही, सीएम योगी ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि घायलों का इलाज पूरी तत्परता और बेहतर तरीके से हो तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता प्रदान की जाए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782174 Articles

Share this story