मथुरा में अनियंत्रित कैंटर कॉलेज के गेट से टकरा कर पलटा, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा में अनियंत्रित कैंटर कॉलेज के गेट से टकरा कर पलटा, चालक की मौत


मथुरा, 05 मई (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिचपुरी चौकी इलाके में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ हाथरस मार्ग पर एक अनियंत्रित कैंटर पीके कॉलेज के गेट से टकरा कर पलट गई, जिसमें दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। डाक सेवा से जुड़ी एक कैंटर (संख्या यूपी 16 एसटी 0355) राया-हाथरस मार्ग पर गांव बिरहना के पास से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैंटर की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन सड़क से नीचे उतर गया और पीके कॉलेज के मुख्य गेट को तोड़ते हुए पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही बिचपुरी चौकी प्रभारी बीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कैंटर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।

चौकी प्रभारी बीरेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाकर यातायात सुचारू कराया है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story