मथुरा में अनुसूचित जाति की दो बेटियों की शादी में मारपीट , बाराती और ग्रामीण भिडे़
मथुरा, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में बुधवार देर रात हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली गांव में दो भाइयों की बारात चढ़ने के दौरान बवाल हो गया। आरोप है कि बारात अनुसूचित जाति के युवकों की थी इसलिए रास्ते में ठाकुरों ने पथराव कर दिया। जमकर हंगामा हुआ और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। सूचना पर आनन फानन पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के सामने भी पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।
हाईवे थाना क्षेत्र के गांव नरहौली में बुधवार को गुल्ला की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम की बारात गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव भरनकलां से आई थी। रात लगभग 11 बजे नरहौली में भरतपुर चौराहा से चढ़त शुरू हो गई। दोनों दूल्हे बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर लेकर बग्गी पर सवार थे। दूल्हों के चाचा भगवानदास ने बताया कि रास्ते में बारात गुजरी तो अचानक घरों से पथराव शुरू हो गया।
छतों से ईंटें बरसाई गईं। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई और पत्थर चले। इसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। घायल 70 वर्षीय वृद्धा संतोषी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासी मीना ठाकुर का कहना है कि बारातियों ने हंगामा किया है। वह रवि मिष्ठान भंडार में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। दुल्हनों के भाई नाहर सिंह का कहना है कि आरोपिताें ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दहेज के लिए रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों और लोगों के बीच भी खूब लाठियां चलीं। लोगों और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। महिलाएं भी लाठी लेकर पुलिस के सामने आ गईं। दोनों दुल्हनें भी मौके पर पहुंच गईं और हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। पथराव की सूचना पाकर एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एडीएम एफआर पंकज वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी फोर्स के साथ मौके पर जमे है। शादी की रस्में शुरू करायीं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया बारात में आपस में विवाद हुआ था। इसमें पथराव हो गया। इससे एक दुकान का सामान टूट गया। इसके बाद दो पक्षों में पथराव हो गया। पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

