वृंदावन गुरुकुल में चार छात्रों की मौत मामले में फरार संचालक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
वृंदावन गुरुकुल में चार छात्रों की मौत मामले में फरार संचालक गिरफ्तार


मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री और राहुल गांधी ने जताया शोक

(अपडेट) मथुरा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कोतवाली वृंदावन चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि गुरुकुल में मंगलवार पानी के भूमिगत टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार आरोपित संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद हुई प्रशासनिक जांच में कई चौंकाने वाली बातें उजागर हुई हैं। गुरुकुल का संचालन बिना किसी मान्यता के महज 120 वर्गगज के चार मंजिला आवासीय मकान में किया जा रहा था। इसमें 86 बच्चों को रखा गया था और एक-एक कमरे में 15-15 छात्र रह रहे थे। इन छात्रों से ही भूमिगत पानी के टैंकों की सफाई कराई जाती थी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मृतक छात्र विशु शर्मा के पिता मोहित की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार वृंदावन के क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार ने बताया बीतीरात लगभग 10 बजे कोतवाली वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित गुरुकुल में वाटर टैंक में जाने से 04 बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई। इस संबंध में मृतक विशु के पिता मोहित की तहरीर पर थाना कोतवाली वृंदावन में तत्काल अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी गुरुकुल संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है। वहीं जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र को विस्तृत जांच सौंपी है, जिन्हें 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुकुल में रह रहे अन्य बच्चों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना मान्यता और बिना मानक के चल रहे सभी गुरुकुलों व विद्यालयों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने वृंदावन हादसे में जनहानि पर जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने आदित्यनाथ ने वृंदावन में हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन और दुख की घड़ी में संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

राहुल गांधी ने चार छात्रों की मौत पर जताया दुःख

वृन्दावन में चार छात्रों की मौत से पूरे मथुरा वृन्दावन क्षेत्र में लोग दुखी हैं। अपनी-अपनी संवेदनाएँ भेज रहे हैं। इसी क्रम में विपक्ष के नेता सांसद राहुल गांधी ने चार बच्चों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका कहना है कि ऐसी घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। पानी का टैंक साफ करने उतरे पांच छात्र डूब गए। टैंक में बनी जहरीली गैस के कारण चार की मौत हो गई। जबकि पांचवे का इलाज चल रहा हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story