(अपडेट) मथुरा के कोसीकलां आगरा-दिल्ली हाईवे पर सवारियां भरने की होड़ में भिड़ीं बसें, 13 यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मथुरा के कोसीकलां आगरा-दिल्ली हाईवे पर सवारियां भरने की होड़ में भिड़ीं बसें, 13 यात्री घायल


मथुरा, 30 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोसीकलां क्षेत्र के कोटवन कट के समीप गुरुवार शाम करीब चार बजे सवारियां पहले बैठाने की होड़ में एक तेज रफ्तार डग्गामार बस और यूपी रोडवेज की बस से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसें अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गईं। गनीमत यह रही कि यूपी रोडवेज की बस पलटने से बच गई, हालांकि इस दुर्घटना में 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आगरा से ताज डिपो की एक रोडवेज बस करीब 25 से अधिक सवारियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। जब बस कोसीकलां क्षेत्र के कोटवन कट के पास पहुंची, तभी आगरा से गुरुग्राम के राजीव चौक जा रही हरियाणा की एक तेज रफ्तार डग्गामार बस ने आगे निकलने और पहले सवारियां भरने की जल्दबाजी में रोडवेज बस को खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय दोनों बसें आपस में भिड़ गईं, जिससे चालकों ने वाहनों पर से नियंत्रण खो गया और दोनों गाड़ियां हाईवे के नीचे जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय नागरिकों ने बड़ी सूझबूझ दिखाते हुए बसों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही कोसीकलां थाना प्रभारी कमलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ 13 गंभीर रूप से घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं, मामूली रूप से चोटिल हुए अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

इस हादसे में घायल यात्रियों में दिल्ली निवासी प्रमोद, अनुसूईया, सोहबा निवासी सतीष, बलदेव निवासी अरुण, ट्विंकल, रूबी, आगरा निवासी सोहिल, नूंह पहाड़ी निवासी लक्ष्मी, प्रीति, इमरत, सुभाष, नगला जाट वहीन निवासी श्यामा, शिवरानी शामिल है।

सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर किनारे खड़ा करवा दिया गया है, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर संबंधित चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story