ससुराल से विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका
- मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप, सीओ ऑपरेशन से बेटी की बरामदगी की लगाई गुहार
मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी एक पिता ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसके संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत की है। पीड़ित पिता रविन्द्र बहादुर विश्वकर्मा ने क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी को शिकायती पत्र देकर बेटी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पिता के अनुसार, उन्होंने अपनी इकलौती बेटी की शादी करीब सात वर्ष पहले राजगढ़ थाना क्षेत्र के निकरिका गांव निवासी युवक से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बेटी को प्रताड़ित करते थे। करीब एक माह पहले भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था। इस मामले में थाने पर शिकायत की गई थी। बाद में दो नवंबर 2026 को पति और सास उसे विदा कराकर अपने साथ निकरिका गांव ले गए।
पिता का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद फिर बेटी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें भी फोन कर बुलाया था। उनके सामने ही बेटी के साथ मारपीट की गई। इससे आहत होकर वह अपने घर लौट आए। आरोप है कि इसके बाद से बेटी का कोई पता नहीं चल रहा है। काफी खोजबीन के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर पिता ने उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
शिकायती पत्र में पिता ने ससुर की पूर्व में हुई संदिग्ध मौत का भी उल्लेख किया है और उस मामले की जांच नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने बेटी को जल्द बरामद कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

