संदिग्ध हालात में विवाहिता की फांसी से मौत, दहेज हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध हालात में विवाहिता की फांसी से मौत, दहेज हत्या का आरोप


मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव स्थित भंवरूपुर साटनपट्टी में शुक्रवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से 21 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष में तनाव की स्थिति बन गई।

उक्त गांव निवासी ऊषा देवी पत्नी गोपाल मांझी का शव दोपहर करीब एक बजे झोपड़ी में साड़ी के फंदे के सहारे बड़ेर से लटकता मिला। ससुर मनबोध के अनुसार गोपाल की शादी एक वर्ष पूर्व प्रयागराज जनपद के मेजा थाना क्षेत्र के बिजौरा सिरसा गांव में हुई थी। पति गोपाल ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और 6 फरवरी को घर आया था। सास सहराजी देवी ने बताया कि गोपाल की पहली पत्नी पांच वर्ष पहले मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी।

मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष की महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। मृतका की मां फूलदेई ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी की हत्या की गई है। पिता छत्तर लाल निषाद ने तहरीर देकर पति गोपाल, ससुर मनबोध, सास सहराजी देवी और देवर गोरख पर बाइक व एक लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story