दुपट्टे के सहारे लटकती मिली विवाहिता की लाश, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के बरुआ गांव में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

बरुआ गांव निवासी नीरज वर्मा की पत्नी खुशबू (26) की मंगलवार शाम करीब सात बजे मौत हुई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घर के अंदर दुपट्टे के सहारे लटकने से मौत की बात सामने आई है। हालांकि, मृतका के पिता कपूर चंद ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story