कमरे में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव

WhatsApp Channel Join Now
कमरे में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव


मीरजापुर, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र स्थित नरोइयां गांव के अंगनपुर मजरे में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव निवासी 28 वर्षीय कंचन देवी पत्नी दीपक बिंद का शव कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के फंदे के सहारे लटक रहा था। घटना के समय कमरे का दरवाजा बंद नहीं था। विवाहिता की मौत की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कंचन के ससुर त्रिभुवन बिंद ने बताया कि उनका बेटा दीपक बाहर रहकर नौकरी करता है। वह दो दिन पहले घर आया था और शनिवार को वापस चला गया। वह स्वयं सुबह दवा लेने पीएचसी नरोइयां गए थे। इसी दौरान घटना की जानकारी मिली।

ग्रामीणों के अनुसार, कंचन और दीपक ने करीब दस वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। कंचन आठ वर्षीय ऋतिक और एक वर्षीय हर्षित की मां थी। मां का शव देखकर दोनों बच्चे रोते-बिलखते रहे। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story